भारत के 146 छात्रों को मिली यूरोप की स्कॉलरशिप
यूरोप में 146 भारतीय छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शैक्षणिक वर्ष 2024-2026 के लिए प्रतिष्ठित ‘इरास्मस मुंडस’ स्कॉलरशिप प्रदान की गई है। जिसमे 75 छात्राएं हैं। वहीं 137 देशों के कुल 2,603 छात्रों को दो वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम के लिए इरास्मस मुंडस ज्वाइंट छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। जिसमें 75 छात्र महिला वर्ग से और 71 छात्र पुरुष वर्ग से हैं। यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार को जानकारी दी।
बता दें, कि छात्र सितंबर में यूरोप में अपने अंतरराष्ट्रीय डिग्री कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। चयनित छात्रों को विभिन्न यूरोपीय देशों में न्यूनतम दो विश्वविद्यालयों में अध्ययन और अनुसंधान करने का अवसर मिलेगा। जिसमें फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, क्वांटम, डेटा और विभिन्न एसटीईएम और सामाजिक विज्ञान विषयों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त या दोहरी डिग्री अर्जित की जाएगी। साल 2024 इरास्मस मुंडस संयुक्त मास्टर कार्यक्रम की 20वीं वर्षगांठ भी है। भारत इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा लाभार्थी रहा है, जहां 2004 में इसकी शुरुआत के बाद से 2000 से अधिक छात्रों को ये छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है।